कांकेर में जवान की हत्या: 5 नक्सलियों के खिलाफ NIA ने चार्जशीट दाखिल की
By : hashtagu, Last Updated : August 30, 2025 | 2:06 pm
रायपुर: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भारतीय सेना के जवान की हत्या के मामले में पांच नक्सलियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट शुक्रवार को जगदलपुर स्थित NIA की विशेष अदालत में पेश की गई।
जिन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनके नाम हैं:
-
भवनलाल जैन
-
सुरेश कुमार सलाम
-
शैलेन्द्र कुमार बघेल
-
अंदराम सलाम
-
सोनू हेमला
इन पर भारतीय दंड संहिता (IPC), आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह मामला NIA केस नंबर RC-13/2024/NIA/RPR के तहत दर्ज है।
क्या है मामला?
फरवरी 2023 में भारतीय सेना के जवान मोतीलाल अचला की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के उसेली गांव में अपने परिवार से मिलने आया था। वह गांव के मेले में मौजूद था, जब नक्सलियों ने उसे सरेआम निशाना बनाया।
जांच में सामने आया कि:
-
भवनलाल जैन, सुरेश सलाम, शैलेन्द्र बघेल और अंदराम सलाम सीपीआई (माओवादी) के सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर थे।
-
सोनू हेमला, संगठन के उत्तर बस्तर डिवीजन के कुईमारी एरिया कमेटी का हथियारबंद सदस्य था।
-
इन सभी ने एक वरिष्ठ माओवादी नेता के साथ मिलकर जवान की पहचान की और बाजार में उसकी हत्या की साजिश रची।
सभी पांचों आरोपी को मार्च 2025 में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले एक अन्य आरोपी आशु कोरसा के खिलाफ जून में चार्जशीट दायर की जा चुकी है।



