राज्योत्सव के बाद ओडिशा और गुजरात दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 6 नवंबर को नुआपाड़ा में करेंगे चुनावी सभा
By : dineshakula, Last Updated : November 4, 2025 | 11:37 am
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) राज्योत्सव के बाद अब चुनावी और औद्योगिक दोनों मोर्चों पर सक्रिय नजर आएंगे। 6 नवंबर को वे ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री रायपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए नुआपाड़ा पहुंचेंगे और सभा के बाद वापस लौट आएंगे।
नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होना है। इस उपचुनाव में भाजपा की ओर से जय ढोलकिया मैदान में हैं, जबकि बीजेडी से स्नेहंगिनी चुरिया और कांग्रेस से घसियाराम माझी मुकाबले में हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के रमाकांत हाटी, बहुजन मुक्ति पार्टी के हेमंत तांडी और ओडिशा जनता दल के शुकाधर डड़सेना भी चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं।
भाजपा ने इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है और मुख्यमंत्री साय की सभा को निर्णायक माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि साय की मौजूदगी से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल और उत्साह दोनों बढ़ेंगे। भाजपा संगठन ने बिहार और ओडिशा उपचुनावों के लिए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
नुआपाड़ा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 और 11 नवंबर को गुजरात प्रवास पर रहेंगे। वे पहले नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद अहमदाबाद में होने वाले “छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट” में भाग लेंगे। इस दौरान सीएम साय उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे और राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री का यह गुजरात दौरा छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पहले यह इनवेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम जुलाई-अगस्त में होना था, जिसे तकनीकी कारणों से टाल दिया गया था। अब मुख्यमंत्री साय इस मंच के जरिए राज्य में पूंजी निवेश को बढ़ावा देने और नए उद्योगों को आकर्षित करने का प्रयास करेंगे।




