14 नवंबर को होगी विष्णुदेव साय की कैबिनेट बैठक: धान खरीदी, जनजाति गौरव दिवस और हाफ बिजली बिल योजना पर होगा मंथन

By : dineshakula, Last Updated : November 11, 2025 | 2:38 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 14 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) नवा रायपुर में कैबिनेट (cabinet meeting) की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में राज्य सरकार की कई नीतिगत और जनहित से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

अधिकारियों के अनुसार, बैठक का मुख्य फोकस धान खरीदी की तैयारी और हाफ बिजली बिल योजना पर रहेगा। सरकार इन दोनों मुद्दों पर अंतिम समीक्षा कर सकती है। खरीदी केंद्रों की व्यवस्था, परिवहन और भुगतान प्रक्रिया की प्रगति पर विभागीय रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि सत्र नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। साथ ही, राज्य की विकास योजनाओं और हाल ही में की गई घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।

कैबिनेट में जनजाति गौरव दिवस की तैयारियों पर विशेष चर्चा होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और स्वागत व्यवस्था की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा।

इसके अलावा, वित्त विभाग से जुड़ी नीतियों, ग्रामीण विकास योजनाओं और शिक्षा विभाग से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल सकती है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की समयबद्ध रूपरेखा तैयार करने के निर्देश देंगे, ताकि राज्य के किसानों और आम जनता को सीधे तौर पर लाभ मिल सके।