भरतपुर में नई ग्रामीण बस सेवा शुरू, गांवों में खुशी की लहर—छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी पहल
By : hashtagu, Last Updated : November 21, 2025 | 1:35 pm
भरतपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला: भरतपुर ब्लॉक में आज ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) की जनहितकारी सोच और परिवहन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर नई ग्रामीण बस सेवा की शुरुआत की गई। बसों को हरी झंडी दिखाकर गांवों के लिए रवाना किया गया, जिसके साथ ही क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में बेहतर, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। परिवहन मंत्री कश्यप के मार्गदर्शन में ग्रामीण बस सेवा का विस्तार तेजी से हो रहा है, जो गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है।
नई बसों के शुरू होने से भरतपुर और आसपास के गांवों के विद्यार्थियों, महिलाओं, मजदूरों और आम लोगों को अब नियमित और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुँचने में आसानी होगी, महिलाएं अस्पताल, बाज़ार और अन्य आवश्यक कामों के लिए बिना परेशानी यात्रा कर सकेंगी। मजदूर वर्ग को रोजगार स्थलों तक पहुँचने में समय और सुविधा दोनों मिलेंगी।
यह सेवा केवल परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण विकास को गति देने वाली पहल है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, गांव-शहर का संपर्क बेहतर होगा और विकास कार्यों की रफ्तार और बढ़ेगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बस सेवा उनकी वास्तविक आवश्यकता को पूरा करती है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष माया प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य, जनपद सदस्य सुखलाल मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल, उपाध्यक्ष निलेश मिश्रा, जनपद सीईओ, परिवहन अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




