भारतीय महिला ब्लाइंड टीम बनी विश्व विजेता CM विष्णु देव साय बोले बेटियों पर पूरे देश को गर्व

By : dineshakula, Last Updated : November 24, 2025 | 5:49 am

Blind T20 World Cup: भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए पहला ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। कोलंबो के पी सारा ओवल में खेले गए फाइनल में भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर विश्व चैंपियन का खिताब जीता। यह टूर्नामेंट पहली बार आयोजित हुआ था और भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरी दुनिया में तिरंगा लहराया।

इस ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल जीत नहीं है, बल्कि साहस, आत्मविश्वास और अटूट इच्छाशक्ति की जीत है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि भारतीय बेटियों ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

मुख्यमंत्री साय के अनुसार दृष्टिबाधित महिला खिलाड़ियों की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया इतिहास लिख रही हैं, चाहे वह खेल हो, शिक्षा, विज्ञान, कला, तकनीक या नेतृत्व। यह जीत नारी शक्ति और नए भारत की उभरती ऊर्जा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि उनके शानदार प्रयास ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और ऊंची कर दी है।