छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार 14 ढेर मोस्ट वांटेड देवा ने 20 साथियों संग किया सरेंडर
By : ira saxena, Last Updated : January 3, 2026 | 12:09 pm
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान (anti naxal operations) के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को राज्य के दो अलग अलग जिलों में हुई मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सली मारे गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ का मोस्ट वांटेड नक्सली लीडर देवा बारसे ने 20 नक्सलियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। देवा ने हैदराबाद में सरेंडर किया है और इस संबंध में पुलिस दोपहर तीन बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देगी।
जानकारी के अनुसार देवा बारसे अपने साथियों के साथ पहले तेलंगाना के मुलुगु पहुंचा था जहां से पुलिस टीम उसे हैदराबाद लेकर गई। देवा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और उस पर कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं।
इसी बीच शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच दो बड़ी मुठभेड़ हुईं। सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में 12 नक्सली मारे गए हैं जबकि बीजापुर जिले में 2 नक्सलियों को ढेर किया गया है। बीजापुर में मारे गए दोनों नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और रुक रुककर फायरिंग की खबरें भी सामने आ रही हैं।
बीजापुर में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। डीआरजी की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी तभी शनिवार तड़के नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुबह करीब पांच बजे से दोनों ओर से रुक रुककर मुठभेड़ चलती रही।
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए ऑपरेशन के सटीक स्थान और इसमें शामिल जवानों की संख्या को सार्वजनिक नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।
इससे पहले 25 दिसंबर को भी नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में 6 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें एक करोड़ से अधिक के इनामी और सेंट्रल कमेटी मेंबर गणेश उईके भी शामिल था। मारे गए नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी थीं।
कंधमाल के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद 23 टीमों को ऑपरेशन में लगाया गया था। इनमें स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप सीआरपीएफ और बीएसएफ की टीमें शामिल थीं। मुठभेड़ के बाद इलाके से नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए थे।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों और आत्मसमर्पण से साफ है कि छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों में नक्सल नेटवर्क पर सुरक्षाबलों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।


