अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- नक्सलवाद खत्म करने की लड़ाई में साथ नहीं दिया

By : hashtagu, Last Updated : May 19, 2026 | 8:36 pm

जगदलपुर: केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने छत्तीसगढ़ दौरे के आखिरी दिन सोमवार को जगदलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश को नक्सलमुक्त बनाने की लड़ाई में कांग्रेस ने कभी पूरा साथ नहीं दिया। शाह ने कहा कि अब बस्तर के हालात तेजी से बदल रहे हैं और लोग डर के माहौल से निकलकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

जगदलपुर में हुई इस अहम प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और राज्य के गृह मंत्री Vijay Sharma भी मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई, सुरक्षा रणनीति और केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद खत्म करने का पूरा श्रेय सुरक्षा बलों को जाता है। उन्होंने कहा कि जवानों ने अपने सर्वोच्च बलिदान देकर इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया है। शाह ने कहा कि देश को नक्सलमुक्त बनाने में सुरक्षाबलों की भूमिका सबसे अहम रही है और उनके साहस की वजह से बस्तर में हालात सामान्य हो रहे हैं।

प्रेसवार्ता के दौरान शाह ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस सरकारों ने कभी पूरी इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर पहले ही सख्त कार्रवाई की जाती तो बस्तर में बदलाव काफी पहले दिखाई देता।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर में विकास, सड़क, शिक्षा और रोजगार के जरिए नई तस्वीर बनाने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोग भय के माहौल से बाहर निकल रहे हैं और लोकतंत्र पर भरोसा मजबूत हो रहा है।