छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत, डीए 55% से बढ़ाकर 58% किया, सीएम विष्णुदेव साय का ऐलान
By : hashtagu, Last Updated : January 12, 2026 | 10:30 am
रोहिणीपुरम, छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) (dearness allowance) 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की है। यह घोषणा रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के त्रैवार्षिक प्रदेश अधिवेशन के दौरान की। इस फैसले से राज्य के 4.07 लाख शासकीय कर्मचारी और 1.45 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि डीए में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर हर माह लगभग 60 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा, लेकिन बढ़ती महंगाई को देखते हुए यह फैसला जरूरी था। अधिवेशन का आयोजन रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी शासन और प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उनकी मेहनत, निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन से ही सरकारी योजनाएं और नीतियां जमीन पर उतरती हैं। जब सरकार और कर्मचारी मिलकर काम करते हैं, तभी सुशासन मजबूत होता है और विकास की गति तेज होती है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में यह निर्णय कर्मचारियों के जीवन में वास्तविक राहत लेकर आएगा और यह राज्य सरकार की कर्मचारी-हितैषी नीति को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। इनमें स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया, कार्यस्थल व्यवस्थाओं में सुधार और पेंशन, ग्रेच्युटी व अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान पर विशेष जोर दिया गया है।



