नारायणपुर के गारपा में पेड़ की छांव तले लगी सुशासन चौपाल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रामीणों से जाना योजनाओं का हाल

By : hashtagu, Last Updated : June 1, 2026 | 10:56 pm

नारायणपुर (छत्तीसगढ़): सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने नारायणपुर जिले के ग्राम गारपा में पेड़ की छांव तले जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों से आत्मीय चर्चा करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके लाभ को लेकर फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से योजनाओं की जमीनी स्थिति, विकास कार्यों और शासन की सुविधाओं को लेकर बातचीत की। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा किए। चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री ने यह जानने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक किस प्रकार पहुंच रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि जो क्षेत्र कभी विकास की मुख्यधारा से दूर माने जाते थे, वहां अब तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। गांवों को जोड़ने के लिए सड़कें बनाई जा रही हैं, पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है ताकि योजनाओं के प्रभाव का वास्तविक आकलन किया जा सके।

ग्राम गारपा में आयोजित इस जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों के चेहरों पर दिख रही संतुष्टि और मुस्कान इस बात का संकेत रही कि विकास अब केवल घोषणा या वादा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाली हकीकत बन रहा है।