मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर में जवानों संग रात्रि भोज किया, बस्तर में शांति स्थापना के लिए सराहा साहस और योगदान
By : hashtagu, Last Updated : January 31, 2026 | 5:39 am
नारायणपुर, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने आज नारायणपुर प्रवास के दौरान आईटीबीपी (ITBP), सीआरपीएफ (CRPF), कोबरा बटालियन (CoBRA Battalion), बीएसएफ (BSF), डीआरजी (DRG) और सीएएफ (CAF) के जवानों एवं अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा (Peace and Security) स्थापित करने में जवानों की भूमिका की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी बटालियन परिसर नारायणपुर में जवानों के साथ रात्रि भोज किया और उनसे आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने जवानों से चर्चा करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण बस्तर के कई इलाके माओवाद आतंक के कारण लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से कटे रहे। जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के चलते आज इन क्षेत्रों में शांति का माहौल बना है और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा में लगे जवानों का मनोबल बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जवानों के कल्याण और सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
जवानों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से उनका आत्मविश्वास और बढ़ता है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प को पूरी दृढ़ता के साथ धरातल पर उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी बम और गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब आमजन की चहल-पहल, स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और गांवों में मांदर की थाप सुनाई दे रही है। यह बदलाव जवानों के सतत प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा जवानों को उपहार भेंट किए गए। वहीं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए। पुलिस बैंड द्वारा स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
उल्लेखनीय है कि नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए क्षेत्र में सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं और केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित केंद्रीय सुरक्षा बलों के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। आईजी सुंदरराज पी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बस्तर संभाग में शांति स्थापना में जवानों के योगदान की सराहना की।




