बाबा गुरु घासीदास के बताए मार्ग पर चल रही सरकार: मुख्यमंत्री साय गिरौदपुरी संत समागम में शामिल

By : hashtagu, Last Updated : February 23, 2026 | 8:24 pm

रायपुर, 22 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बाबा गुरु घासीदास (Guru Ghasidas) की जन्मभूमि एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले में शामिल हुए। उन्होंने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की खुशहाली व समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश मानवता को जोड़ने वाला है और समाज में सद्भाव व समरसता को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास के बताए मार्ग पर कार्य कर रही है और गिरौदपुरी का लगातार विकास किया जा रहा है। विशाल जैतखाम के निर्माण से लेकर श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए जनसुविधा विस्तार कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि मेले में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अब वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से भी श्रद्धालु प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां लगाए गए क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर जानकारी भी ली।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्य मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया। स्थानीय श्रद्धालु और स्व सहायता समूह की महिलाएं मुख्यमंत्री के हाथों प्रसाद ग्रहण कर उत्साहित नजर आईं। उल्लेखनीय है कि गिरौदपुरी में आयोजित तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरुदर्शन मेला 22 फरवरी से प्रारंभ होकर 24 फरवरी 2026 तक चलेगा। प्रदेश सहित देश और विदेश से सतनाम पंथ के अनुयायी मेले में शामिल हो रहे हैं।

इस अवसर पर धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, पूर्व सांसद गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।