सीएम विष्णु देव साय ने दिलीप सिंह जूदेव को दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका जीवन समाज सेवा और आदिवासी उत्थान को समर्पित

By : hashtagu, Last Updated : March 8, 2026 | 2:04 pm

रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव (Dilip Singh Judeo) की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम साय ने जूदेव के छायाचित्र पर पुष्पांजलि (Floral Tribute) अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव केवल एक प्रखर राष्ट्रवादी (Nationalist Leader) ही नहीं थे, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान के मजबूत प्रहरी भी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के लिए समर्पित किया और समाज में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का काम किया।

सीएम साय ने कहा कि जूदेव के नेतृत्व में शुरू हुआ “घर वापसी” अभियान एक बड़ा सामाजिक आंदोलन बना, जिसने हजारों लोगों को उनकी मूल सनातन परंपरा से फिर जोड़ने का काम किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ जनजातीय समाज की पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव का निडर व्यक्तित्व, अडिग संकल्प और ओजस्वी नेतृत्व आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन जनसेवा, सांस्कृतिक चेतना और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।