खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में कर्नाटक का दबदबा, ओवरऑल चैंपियन बना, छत्तीसगढ़ नौवें स्थान पर

By : hashtagu, Last Updated : April 3, 2026 | 7:41 pm

Khelo India Tribal Games 2026: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का समापन कर्नाटक (Karnataka) की शानदार जीत (Victory) के साथ हुआ। पहले दिन से ही पदक तालिका (Medal Tally) में बढ़त बनाए रखने वाले कर्नाटक ने अंत तक अपनी पकड़ मजबूत रखी और ओवरऑल चैंपियन (Overall Champion) बनने का खिताब अपने नाम किया। इस पहले संस्करण (First Edition) में देशभर की जनजातीय खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिला, जहां कई उभरते खिलाड़ियों (Emerging Players) ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई।

कर्नाटक ने कुल 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने तैराकी में सबसे ज्यादा दबदबा दिखाया और अकेले इस खेल में 15 स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा एथलेटिक्स में 5 और कुश्ती में 3 स्वर्ण पदक जीतकर कर्नाटक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे रखा।

ओडिशा ने 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि ओडिशा सभी छह खेलों में कम से कम एक स्वर्ण पदक जीतने वाला एकमात्र राज्य रहा। झारखंड ने 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान पाया और एथलेटिक्स, कुश्ती व तीरंदाजी में मजबूत प्रदर्शन किया।

मेजबान छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर नौवां स्थान हासिल किया। राज्य के खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। अंतिम दिन पुरुष फुटबॉल के फाइनल में छत्तीसगढ़ को पश्चिम बंगाल के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।