रायगढ़ में IPL सट्टा और हवाला रैकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ से ज्यादा नकदी जब्त; कई शहरों तक फैला नेटवर्क

By : hashtagu, Last Updated : May 13, 2026 | 10:58 pm

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी (IPL Betting) और हवाला नेटवर्क (Hawala Network) के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। साइबर सेल (Cyber Cell), कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से कमाए गए काले धन को हवाला चैनलों और स्थानीय कारोबारियों के जरिए सफेद करने का खेल चल रहा था।

इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये बताई गई है।

पूरे मामले की जांच 26 अप्रैल से शुरू हुई थी। उस दौरान रायगढ़ और घरघोड़ा इलाके में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले कुछ युवकों को पकड़ा गया था। उनके मोबाइल फोन और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच में कई अहम सुराग मिले। इसके बाद करन चौधरी और उसके बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सिर्फ रायगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका नेटवर्क रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक फैला हुआ था। आरोपी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल सट्टा संचालित कर बड़ी मात्रा में रकम इकट्ठा कर रहे थे।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सट्टे से कमाई गई रकम को सीधे बैंक खातों में जमा नहीं किया जाता था। इसके बजाय पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य कारोबारों के जरिए नकदी को घुमाया जाता था। बाद में हवाला चैनलों के माध्यम से इस रकम को वैध दिखाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने कृष्णा प्राइड टॉवर स्थित एक फ्लैट में छापा मारकर भारी मात्रा में नकदी बरामद की।

जांच एजेंसियों से बचने के लिए आरोपी कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

इस पूरे नेटवर्क का एक और आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।