केरल में वी डी सतीशन बने कांग्रेस विधायक दल के नेता, 10 दिन की माथापच्ची के बाद CM पद पर लगी मुहर
By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2026 | 7:55 pm
तिरुवनंतपुरम (केरल): केरल में कांग्रेस (Congress) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की बड़ी जीत के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री (Chief Minister) चेहरे को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस नेता वी डी सतीशन को कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनका केरल का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है। पिछले करीब 10 दिनों से पार्टी के अंदर लगातार बैठकें, चर्चा और मंथन चल रहा था। कई बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे थे, लेकिन आखिर में पार्टी हाईकमान ने वी डी सतीशन के नाम पर सहमति बनाई।
वी डी सतीशन ने हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। चुनाव में UDF ने 140 सीटों वाली विधानसभा में 100 से ज्यादा सीटें जीतकर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा यानी LDF की करीब 10 साल पुरानी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। कांग्रेस अकेले 63 सीटें जीतने में सफल रही।
सतीशन पिछले कई वर्षों से केरल कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे हैं। वह 2001 से लगातार परवूर विधानसभा सीट से विधायक चुने जा रहे हैं। उन्होंने 2021 से केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी भी संभाली थी। पार्टी के अंदर उन्हें तेजतर्रार वक्ता और जमीनी नेता माना जाता है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में थे। पार्टी के भीतर दोनों गुटों के समर्थकों के बीच पोस्टरबाजी और शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला था। इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने कई दौर की बैठकें कीं और आखिरकार वी डी सतीशन को CLP नेता चुनने का फैसला लिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस ने युवा और आक्रामक नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए सतीशन को आगे किया है। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने एलडीएफ सरकार के खिलाफ लगातार मोर्चा संभाला था और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा आर्थिक मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया था।




