PM मोदी की अपील का असर: नारायणपुर में पुलिस जवान ने बैलगाड़ी से निकाली अनोखी बारात, सादगी देख लोग हुए हैरान

By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2026 | 9:06 pm

नारायणपुर (छत्तीसगढ़): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और कम खर्च में शादी जैसे आयोजनों को करने की अपील का असर अब ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नारायणपुर (Narayanpur) जिले में एक पुलिस आरक्षक (Police Constable) ने अपनी शादी में लग्जरी गाड़ियों (Luxury Vehicles) और बड़े काफिलों की जगह पारंपरिक बैलगाड़ियों (Bullock Cart) से बारात निकालकर सबका ध्यान खींच लिया। यह अनोखी बारात अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

नारायणपुर जिले के डुमरतराई गांव में पुलिस आरक्षक कुबेर देहारी ने 12 मई को अपनी शादी को खास और यादगार अंदाज में मनाया। उन्होंने आधुनिक गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय बैलगाड़ियों का इस्तेमाल किया। बारात करीब एक किलोमीटर का सफर तय कर दुल्हन के घर पहुंची, जो जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित है। गांव की सड़कों पर पारंपरिक अंदाज में निकली इस बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

इस अनोखी पहल ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। जहां आजकल शादियों में लाखों रुपये खर्च कर दिखावा किया जाता है, वहीं कुबेर देहारी की सादगी भरी शादी ने लोगों को अलग संदेश दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कम खर्च में भी शादी को यादगार बनाया जा सकता है और परंपराओं को जीवित रखा जा सकता है।

कुबेर देहारी ने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और मितव्ययता की अपील से प्रेरित हुए। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती ईंधन खपत और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शादी जैसे आयोजनों में फिजूलखर्ची कम कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा सकता है।

इस बारात में शामिल लोगों ने पारंपरिक संगीत और ग्रामीण संस्कृति का भी जमकर आनंद लिया। बैलगाड़ियों से निकली इस बारात ने गांव की पुरानी परंपराओं को फिर से जीवंत कर दिया। सोशल मीडिया पर लोग इसे “देसी और पर्यावरण फ्रेंडली शादी” बताकर सराहना कर रहे हैं।