बस्तर में बदल रही तस्वीर: जंगलों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, दिल्ली में अमित शाह को CM साय ने बताया विकास मॉडल
By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2026 | 9:12 pm
नई दिल्ली/जगदलपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बस्तर (Bastar) संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं (Health Services) और विकास मॉडल (Development Model) की नई तस्वीर सामने आ रही है। जिस इलाके में कभी एम्बुलेंस पहुंचना मुश्किल माना जाता था, वहां अब डॉक्टरों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों की जांच और इलाज कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर में हो रहे बदलाव और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
नई दिल्ली प्रवास के दौरान आज आदरणीय केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी से बस्तर में तेजी से हो रहे सकारात्मक बदलावों, जनकल्याणकारी पहलों और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी उपस्थित थे।
मैंने केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी… pic.twitter.com/3WVuS7b3Xr
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 14, 2026
बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। यह अभियान 13 अप्रैल 2026 को सुकमा से शुरू किया गया था, जिसके तहत करीब 36 लाख लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक एक महीने के भीतर 21.86 लाख से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। साथ ही लोगों के डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल भी तैयार किए गए हैं, जिससे भविष्य में इलाज और मरीजों की निगरानी आसान हो सकेगी। गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।
बस्तर के कई दूरस्थ और नक्सल प्रभावित गांव ऐसे थे जहां सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं लगभग नहीं थीं। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें पैदल चलकर गांवों तक पहुंच रही हैं। ग्रामीणों को मुफ्त जांच, दवाइयां और इलाज की सुविधा दी जा रही है। हाल ही में सुकमा के एक बेहद दुर्गम गांव से गंभीर मरीज को सैकड़ों किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया गया, जिसे सरकार इस अभियान की बड़ी सफलता मान रही है।
बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बनाए गए पुराने सुरक्षा शिविरों को अब “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गृह मंत्री अमित शाह को बस्तर के विकास के लिए तैयार रोडमैप की भी जानकारी दी। इसमें सड़क निर्माण, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और निवेश बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। सरकार ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान के जरिए 31 प्रमुख योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा कर रही है।
जगदलपुर में शुरू हुए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से भी बस्तर के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर जाने की जरूरत कम पड़ रही है। इसके अलावा डायल-112 की आधुनिक सेवाओं का भी विस्तार किया गया है, जिससे आपात स्थिति में लोगों को तेजी से सहायता मिल रही है।




