1 घंटे में पटवारी सस्पेंड करने का आदेश, किसानों की शिकायत पर मंच से भड़के राजस्व मंत्री

By : hashtagu, Last Updated : May 19, 2026 | 7:57 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राज्य के राजस्व मंत्री Tank Ram Verma ने मंच से ही बिलाड़ी के पटवारी को एक घंटे के भीतर निलंबित करने के आदेश दे दिए। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक छोटे किसान को अपनी जमीन के मामले में कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े और रिकॉर्ड में उसकी जमीन को ‘निरंक’ दिखा दिया गया।

शिकायत सुनते ही मंत्री नाराज हो गए और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसानों और आम लोगों के काम में लापरवाही अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को बीएनबी हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित समाधान शिविर में मंत्री टंकराम वर्मा और रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal ने प्रशासनिक अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। मंत्री ने अतिक्रमण, अपराध और लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताते हुए तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, सफाई, बिजली, अतिक्रमण और राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। शिविर में कुल 405 आवेदन पहुंचे। इनमें नगर पालिका क्षेत्र से जुड़े 80 मांग संबंधी आवेदन शामिल थे, जबकि सफाई, स्ट्रीट लाइट, बिजली और अतिक्रमण से जुड़े 61 आवेदन भी आए। सभी मामलों को संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेज दिया गया।

राजस्व मंत्री ने सरकारी जमीनों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तहसीलदार को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण चिन्हांकित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो तहसीलदार को निलंबित किया जाएगा। उन्होंने एसडीएम को लेकर भी कहा कि अतिक्रमण नहीं हटने पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी मंच से अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा में सरकारी जमीनों पर कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। सांसद ने पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब के कारोबार पर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बढ़ते अपराधों को लेकर मंत्री टंकराम वर्मा ने नेवरा थाना क्षेत्र की पुलिस पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चोरी और अन्य वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही। मंत्री ने पुलिस विभाग को अपराधों पर तत्काल नियंत्रण लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

इससे पहले आरंग के समोदा नगर पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में भी सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों पर भड़क गए थे। शिकायत मिलने पर उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को मंच से फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा था, “सबसे ज्यादा शिकायत आपकी है। कितना पैसा लेते हो? लोगों से क्या बोलते हो?” सांसद की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया था।