भूपेश की ‘धनवर्षा’ से नगरीय निकायों में ‘चमकेगा’ विकास का सूरज!

By : madhukar dubey, Last Updated : March 11, 2023 | 10:50 pm

रायपुर। भूपेश सरकार (Bhupesh Sarkar) ने शनिवार को 1 हजार करोड़ रुपए का फंड नगरीय निकायों के लिए जारी कर दिया है। प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं (municipalities) और नगर पंचायतों में अलग-अलग कामों के लिए सरकारी खजाने से 1000 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। इन पैसों से स्थानीय निकायों में विकास के कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम होंगे।

इस खजाने से सबसे ज्यादा 100 करोड़ रुपए रायपुर निगम को मिला है। इसके अलावा भिलाई को 60 करोड़, बिलासपुर को 50 करोड़, दुर्ग को 25 करोड़ तो वहीं जगदलपुर को 20 करोड़ रुपए की राशि मिली है।

रायपुर में सितंबर 2023 को होने वाली G-20 समिट की तैयारियों के लिए 20 करोड़ रुपए जारी हुए थे। इसके अलावा प्रदेश भर में कई छोटे-बड़े प्रोजेक्ट को भी पैसा मिला है। जिसमें सभी 44 नगर पालिकाओं को विकास कार्यों के लिए 5-5 करोड़ और सभी 112 नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है।

मार्केट एरिया में लगेंगे CCTV

राज्य के सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में शहरों के मार्केट एरिया में सीसीटीवी लगाने के साथ साथ आधुनिक शौचालय बनाने और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह इन जगहों पर कचरा इकट्ठा करने के लिए कई सिस्टम उपलब्ध कराए जाएंगे।

सभी नगर निगमों में 50-50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क

सभी नगर निगमों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 50-50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क बनेंगे। इसके लिए निगमों को 6 लाख रूपए प्रति कियोस्क के हिसाब से 3-3 करोड़ रुपए की राशि की दी गई। इस स्मार्ट हेल्थ कियोस्क में बीपी, शुगर, ब्लड टेस्ट कराने की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।

रायपुर को सर्वाधिक 100 करोड़

नगर निगम रायपुर को विभिन्न विकास कार्यों के लिए सबसे ज्यादा 100 करोड़ रुपए मिले है। जिसमें राजधानी में 1000 सीट शहरी महिला आजीविका केन्द्र, युवाओं के रोजगार के लिए 10 करोड़ का अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सुविधा वाला बीपीओ बनाया जाएगा। इसके अलावा जल भराव वाले क्षेत्रों में बाढ़ नियंत्रण ड्रेनेज सिस्टम के लिए 18 करोड़ रुपए मिलेंगे। साथ ही जी-20 समिट की तैयारियों के लिए 20 करोड़ रुपए दिए गए। इन पैसों से फूल चौक से आजाद चौक मार्ग के बीचे बचे भाग का चौड़ीकरण और फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा।

कई अन्य बड़ी घोषणाएं

देश में इस आभिलाई नगर निगम को रायपुर के बाद सर्वाधिक 60 करोड़ रुपये मिले है। जिसमें बीपीओ और विश्वस्तर की अत्याधुनिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी। सुपेला अस्पताल को 7 करोड़ रुपए में तैयार किया जाएगा। इसमें बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़ मिले हैं। जिसमें प्रति वार्ड विकास कार्यो के लिए डेढ़ लाख रुपए के हिसाब से 21 करोड़ रुपये मिले है। साथ ही 750 सीट की क्षमता वाला शहरी महिला आजीविका केंद्र शुरू होगा। वही दुर्ग निकाय को 25 करोड़ रुपये मिले है। जिसमें शिवनाथ नदी रिवरफ्रंट डेवलपमेंट के लिए 11 करोड़ स्वीकृत हुए।

आगे आदेश में भिलाई-चरौदा,जगदलपुर और अंबिकापुर नगर निगमों को 20-20 करोड़ रुपए दिए गए है। इनमें से भिलाई-चरोदा निगम में 9 करोड़ का एक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा। इसी तरह जगदलपुर में नगर निगम में 10 करोड़ रूपए से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 में करकापाल तक सड़क चौड़ीकरण का काम होगा।

​​अंबिकापुर में भी सड़क बनाने सौंदर्यीकरण के काम होंगे। साथ ही यहां महात्मा गांधी स्टेडियम के लिए 3 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। रायगढ़, राजनांदगांव, रिसाली, कोरबा को विकास कार्यों के लिए 15-15 करोड़ रुपए मिले हैं। रायगढ़ की सड़कों के लिए 7 करोड़ रुपए पारित हुए। धमतरी, चिरमिरी और बिरगांव नगर निगम को 10-10 करोड़ रुपए की सौगात दी गई है।