रायपुर: कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में एक महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना जताई जा रही है। खबरों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व जल्द ही ओबीसी समुदाय के किसी नेता को प्रमुख पद पर नियुक्त करने की योजना बना रहा है। इस संदर्भ में, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) को AICC का महासचिव बनाया जा सकता है।
इसके साथ ही, टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद सौंपे जाने की चर्चा है। भूपेश बघेल गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस संगठन में व्यापक फेरबदल की तैयारी चल रही है, जिसमें बीवी श्रीनिवास, कृष्णा अल्लावरु जैसे नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियाँ दी जा सकती हैं।
भूपेश बघेल प्रदेश में एक प्रभावशाली ओबीसी नेता के रूप में पहचाने जाते हैं, और उनका दिल्ली में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं से बैठक का सिलसिला जारी है। इस दौरान यह भी तय हो सकता है कि बघेल को पार्टी में नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाए। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व का यह कदम प्रदेश में बड़े नेताओं के बीच संघर्ष को सुलझाने और संगठन में एकता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।