मुंबई: बॉलीवुड और हॉलीवुड की स्टार अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास (Priyanka Chopra) ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। प्रियंका ने खुलासा किया है कि वह जल्द ही हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री एंजेलिना जोली के साथ एक नए इंटरनेशनल प्रोजेक्ट (International Project) में नजर आएंगी। हालांकि उन्होंने इस प्रोजेक्ट (Project) के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन इस घोषणा के बाद उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ गया है।
हाल ही में फॉर्च्यून इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने उन महिलाओं का जिक्र किया जो उन्हें लगातार प्रेरित करती हैं। उन्होंने पेनेलोप क्रूज़, सलमा हायेक और एंजेलिना जोली का नाम लिया। इसी दौरान प्रियंका ने बताया कि वह जल्द ही एंजेलिना जोली के साथ काम करने जा रही हैं। हालांकि उन्होंने फिल्म या प्रोजेक्ट की कहानी, नाम और अन्य कलाकारों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
प्रियंका चोपड़ा इस समय अपने करियर के सबसे व्यस्त दौर में हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम किया है। वह ‘सिटाडेल’ जैसी ग्लोबल सीरीज का हिस्सा रही हैं और लगातार हॉलीवुड में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। प्रियंका ने इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने कभी अपने लिए सीमाएं तय नहीं कीं और हमेशा नई चुनौतियों को स्वीकार किया है।
प्रियंका जल्द ही निर्देशक एस.एस. राजामौली की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इस बड़े एक्शन-एडवेंचर प्रोजेक्ट में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। प्रियंका ने राजामौली को भारतीय सिनेमा का अनमोल खजाना बताया और कहा कि यह उनके करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है।
इसके अलावा प्रियंका के पास कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स की लंबी सूची है। वह जल्द ही अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम के साथ सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘रीसेट’ में भी दिखाई देंगी, जिसकी शूटिंग अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है।
एंजेलिना जोली के साथ प्रियंका चोपड़ा की यह नई साझेदारी भारतीय कलाकारों की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगी। दोनों अभिनेत्रियां अपने-अपने स्तर पर दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिला कलाकारों में गिनी जाती हैं। ऐसे में इस प्रोजेक्ट को लेकर मनोरंजन जगत में अभी से काफी चर्चा शुरू हो गई है और फैंस इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।