कांकेर छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले (Kanker district) से बड़ी खबर सामने आ रही है। कंपनी नंबर 5 के बड़ी संख्या में नक्सली जंगल से बाहर आते देखे गए हैं। हथियार लिए इन नक्सलियों की तस्वीरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी अपने ठिकानों से निकलकर सरेंडर करने के लिए पहुंचे हैं। सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि आज कांकेर में बड़ा नक्सली सरेंडर हो सकता है।
राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण नक्सलियों के आत्मसमर्पण की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को 6 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली भूपति ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सरेंडर कर दिया था। यह नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भूपति के सरेंडर के बाद अब कांकेर में भी नक्सलियों का मनोबल कमजोर हुआ है और कई लड़ाके सरेंडर की राह पर हैं।
भूपति छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में सक्रिय रहा है और उसने बड़ी संख्या में कैडर तैयार किए थे। कांकेर का इलाका महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से सटा होने के कारण यहां भी उसका असर था। भूपति के सरेंडर के बाद अन्य नक्सलियों में भी हलचल मच गई है और वे जंगलों से निकलकर आत्मसमर्पण के लिए पहुंच रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, तस्वीर में दिख रहे सभी नक्सली कंपनी नंबर 5 से जुड़े हैं। इनमें कई बड़े नक्सली भी हो सकते हैं। बुधवार को ये सभी हथियारों के साथ बसों में बैठकर कामतेड़ा बीएसएफ कैंप पहुंचे। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस आज इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।