महिला आरक्षण बिल पास न होने पर BJP का देशभर में प्रदर्शन ऐलान, रायपुर में अरुण सिंह और CM साय बताएंगे एक्शन प्लान

By : hashtagu, Last Updated : April 19, 2026 | 6:05 am

रायपुर: महिला आरक्षण (Women Reservation) बिल लोकसभा (Lok Sabha) में पास नहीं होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है। कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन (Protest) की रणनीति के तहत इसकी रूपरेखा 19 अप्रैल को रायपुर में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) में बताई जाएगी।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच रहे हैं। यहां वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे, जिसमें पार्टी की आगे की रणनीति और एक्शन प्लान साझा किया जाएगा।

लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) बिल पारित नहीं हो सका। इस बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया। इसे पास कराने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी, जो पूरी नहीं हो सकी।

इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए माताओं और बहनों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि बिल में आवश्यक संशोधन नहीं हो पाए और इसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के लिए दलहित, देशहित से बड़ा हो गया है, जिससे नारी शक्ति को नुकसान उठाना पड़ा।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी राजनीति के कारण महिलाओं के अधिकारों को झटका लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिल गिरने के बाद विपक्षी दलों ने खुशी जताई, जबकि देश की करोड़ों महिलाओं की नजर संसद पर थी।

महिला आरक्षण प्रस्ताव को पारित कराने के लिए केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पास नहीं हो सका।

अब इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने आक्रामक रुख अपनाया है और देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पार्टी कांग्रेस के विरोध को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी और इसकी शुरुआत रायपुर से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस से की जाएगी।