‘प्रियंका गांधी’ पर BJP का वार! ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारा सिर्फ जुमला!

प्रियंका गांधी के दौरे पर निशाना साधते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने सियासी वार किया है।

  • Written By:
  • Updated On - October 6, 2023 / 06:28 PM IST

रायपुर। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के दौरे पर निशाना साधते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी (BJP National Vice President Lata Usendi) ने सियासी वार किया है। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री लता उसेण्डी ने छत्तीसगढ़ में महिलाओं की असुरक्षा तथा मासूम बच्चियों से लेकर वृद्ध महिलाओं के साथ हो रहे अनाचार, सामूहिक बलात्कार की घटनाओं को लेकर मुँह में दही जमाए बैठी कांग्रेस महासिचव प्रियंका वाड्रा पर करारा तंज कसा है। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि प्रियंका वाड्रा छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की भाषा बोल रही हैं। जहां से फर्जी आँकड़े भूपेश बघेल को मिलते हैं, वहीं से मिले आँकड़े गिनाकर प्रियंका छत्तीसगढ़ को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री उसेण्डी ने प्रियंका वाड्रा को याद दिलाया है कि फरवरी में जब कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन रायपुर में हुआ था, तब उनके (प्रियंका वाड्रा के) सचिव ने छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान करते हुए कांग्रेस की ही दलित महिला नेत्री से अभद्र व्यवहार किया था। इसकी शिकायत उनके पिताजी ने दर्ज भी कराई थी। नारी शक्ति को सशक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण संबंधी नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कराया। इसकी बधाई देने जब उक्त दलित महिला नेत्री दिल्ली कांग्रेस कार्यालय पहुंची तो फिर कांग्रेस के लोगों ने उनसे अभद्रता की। सुश्री उसेण्डी ने प्रियंका वाड्रा से सवाल किया कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा क्या सिर्फ जुमला है या फिर यौन उत्पीड़ित दलित महिला नेत्री को न्याय दिलवाएंगीं और अपने सचिव को सजा दिलवाएंगीं? कांग्रेस महासचिव प्रियंका पर महिलाओं के उत्पीड़न, उनके साथ छलावा व धोखाधड़ी, वहशियाना बलात्कार, हिंसा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी ‘सलेक्टिव पॉलिटिक्स’ करने का आरोप लगाते हुए सुश्री उसेण्डी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में महिलाओं की स्थिति सबसे खराब है तो प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लड़ना चाहिए कि किस बात के लिए वे भरोसे का सम्मेलन, महिला समृद्धि सम्मेलन जैसी सियासी ड्रामेबाजी कर रहे हैं? प्रियंका वाड्रा अपने मुख्यमंत्री से महिलाओं के हक में लड़ें। छत्तीसगढ़ के युवाओं के हक में लड़ें। उन गरीबों के हक में लड़ें, जिनका आवास और अन्न छीना गया है। वे लड़ सकती हैं और भूपेश बघेल यह कहने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे कि ‘ऐ लड़की, नेतागिरी मत कर!’ रही बात गैस सिलेंडर की तो वह मुख्यमंत्री बघेल से जवाब तलब करें कि वे चार सिलेंडर कहां हैं, जो 2018 के जन घोषणा पत्र में कांग्रेस दे रही थी।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री सुश्री उसेण्डी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने का कोरा जुबानी जमाखर्च करते-करते छत्तीसगढ़ में सुपर सीएम बनाने वाले मुख्यमंत्री बघेल से महिलाओं की दयनीय दशा पर चर्चा करनी चाहिए। गंगाजल की कसम खाकर किए गए शराबबंदी के वादे को दरकिनार कर महिलाओं से विश्वासघात किया गया। तेंदूपत्ता बीनने वाली महिलाओं की चरण पादुका तक कांग्रेस की भूपेश सरकार ने छीन ली। विधवा, परित्यक्ता, निराश्रित महिलाओं के हर माह 1500 रुपये के हिसाब से पौने पांच साल के पैसों के बारे में उन्हें मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए। वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने वाली महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को न्याय और उनके हक का पारिश्रमिक अब तक नहीं मिला है। एक ओर महिला समृद्धि सम्मेलन में प्रियंका वाड्रा झूठ परोस रही थी, ठीक उसी दिन जगदलपुर में वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने वाली महिलाएँ अपने हक के लिए धरना दे रही थीं। इस सच्चाई से प्रियंका ने मुँह क्यों मोड़ लिया था? प्रियंका वाड्रा को छत्तीसगढ़ की महिलाओं, गरीबों और युवाओं के हक में आवाज उठानी चाहिए, अन्यथा उनके छत्तीसगढ़ आने का कोई अर्थ नहीं निकल सकता। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार अपने प्राथमिक दायित्व यानी क़ानून-व्यवस्था बनाये रखने में भी पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश में 7 हजार से भी अधिक महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं एवं 3 हजार से ज्यादा हत्याएँ हुई हैं। कुछ दिनों पहले हुई घटना ने छत्तीसगढ़ का नाम शर्मसार किया है, जिसमें एक नाबालिग लड़की को राजधानी में बाल पकड़कर घुमाया गया। आदिवासी बच्चियों के खिलाफ हुए दुष्कर्म में छत्तीसगढ़ समूचे देश में दूसरे नंबर पर है।

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)

यह भी पढ़ें : BJP बोली, कांग्रेस ‘प्रियंका गांधी’ को भेज रही है ‘भू-पे’!