राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद कांग्रेस में पोस्टर वॉर, सह-प्रभारियों ने हाईकमान से की शिकायत

बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत पार्टी हाईकमान तक पहुंचाई गई है। वहीं सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया है।

  • Written By:
  • Updated On - June 22, 2026 / 08:41 PM IST

रायपुर (छत्तीसगढ़)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद पार्टी के भीतर पोस्टर राजनीति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर और राहुल गांधी के स्वागत के लिए लगाए गए पोस्टरों से प्रदेश के सह-प्रभारियों के चेहरे गायब रहने पर पार्टी के अंदर नाराजगी खुलकर सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के सह-प्रभारी जरिता लेतफलांग, संपत कुमार और विजय जांगिड़ ने पोस्टरों में अपनी अनदेखी पर आपत्ति जताई है। बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत पार्टी हाईकमान तक पहुंचाई गई है। वहीं सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया है।

सह-प्रभारियों का कहना है कि प्रदेश स्तर के इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उनकी पूरी तरह से अनदेखी की गई, जबकि संगठनात्मक जिम्मेदारियों में उनकी अहम भूमिका रही है। इसे लेकर पार्टी के भीतर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

रविवार को राहुल गांधी के स्वागत के लिए लगाए गए अधिकांश पोस्टरों में केवल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व महापौर एजाज ढेबर की तस्वीरें प्रमुखता से दिखाई दीं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई वरिष्ठ नेताओं के चेहरे छोटे फोटो के रूप में नजर आए।

पार्टी के भीतर यह चर्चा भी तेज है कि प्रशिक्षण शिविर की व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार में एजाज ढेबर की प्रमुख भूमिका रही। यही वजह रही कि पोस्टरों और बैनरों में उनकी मौजूदगी सबसे ज्यादा दिखाई दी। हालांकि इसको लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 40 मिनट तक प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद राहुल गांधी ने जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद भी किया।

करीब चार घंटे तक चले कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट जाते समय उन्होंने सड़क किनारे एक चाय की टपरी पर रुककर चाय पी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को अपने हाथों से बिस्किट खिलाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल Media पर भी काफी चर्चा में रहे।

इस दौरान राहुल गांधी के साथ सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी के दौरे के तुरंत बाद पोस्टरों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पार्टी के भीतर नई राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।