‘नेताओं की हत्या’ पर BJP का ‘आज हल्लाबोल प्रदर्शन’, जगदलपुर में ‘IG’ का घेराव

बस्तर में BJP नेताओं की हत्या के खिलाफ बीजेपी का आज हल्ला बोल प्रदर्शन होगा। इसमें 12 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपाई धरना-प्रदर्शन देंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - February 16, 2023 / 09:38 AM IST

छत्तीसगढ़। बस्तर में BJP नेताओं की हत्या के खिलाफ बीजेपी का आज हल्ला बोल प्रदर्शन होगा। इसमें 12 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपाई धरना-प्रदर्शन देंगे। जगदलपुर में बीजेपी के पूरे बस्तर संभाग (Bastar Division) के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सिरहासार चौक में धरना दिया जाएगा। जिसके बाद रैली निकालकर जगदलपुर में IG ऑफिस का घेराव किया जाएगा।

दो-तीन दिन पहले भी भाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर जमकर हल्लाबोल किए थे। भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप और बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडेय ने संभाग के सभी सातों जिले के भाजपा पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली थी। इस वर्चुअल बैठक में आज होने वाले विरोध प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई है। इधर, भाजपा के बस्तर जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने बताया कि, प्रदेश में बदहाल कानून व्यवस्था और BJP के नेताओं की हत्या के विरोध में हल्लाबोल किया जाएगा। इसके अगले दिन शुक्रवार को भी 78 विधानसभाओं में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

400 सड़कों पर चक्काजाम

प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की शह पर षड्यंत्र पूर्वक, सुनियोजित तरीके से लक्ष्य करके भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। इसके के विरोध में आईजी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कश्यप ने बताया कि अगले दिन प्रदेश के 78 विधानसभा क्षेत्र में मंडल स्तर पर भाजपा के नेता दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदेश की 400 से अधिक सड़कों पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा, लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास भाजपा सफल नहीं होने देगी।

इन नेताओं को जिम्मेदारी

बस्तर में आईजी कार्यालय के घेराव की जिम्मेदारी पार्टी ने 25 प्रमुख नेताओं को सौंपी हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के अलावा, बस्तर संभाग प्रभारी व सांसद संतोष पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, बिलासपुर संभाग प्रभारी किरण देव, पूर्व मंत्री लता उसेंडी, जी वेंकट, सेवक राम नेताम, सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, बैदूराम कश्यप, लच्छू राम कश्यप, श्रीनिवास राव मद्दी, कमल चंद भंजदेव, निखिल राठौर, आलोक ठाकुर, नवीन विश्वकर्मा और सभी सात जिलों के जिला अध्यक्ष शामिल हैं।