साय कैबिनेट की बैठक आज: बजट घोषणाओं, खाद और श्रमिकों के मुद्दे पर होगी चर्चा, CM ले सकते हैं कई अहम फैसले

By : dineshakula, Last Updated : July 30, 2025 | 11:46 am

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल (cabinet meeting) की बैठक आज आयोजित की जा रही है। मंत्रालय परिसर में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। सभी मंत्रियों को समय पर मंत्रालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में प्रदेश में खाद की उपलब्धता और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही राज्य के 25वें स्थापना वर्ष को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

राज्य का रजत जयंती वर्ष: 15 अगस्त 2025 से 6 फरवरी 2026 तक

छत्तीसगढ़ राज्य का रजत जयंती वर्ष 15 अगस्त 2025 से 6 फरवरी 2026 तक दो चरणों में मनाया जाएगा। पहले चरण के कार्यक्रम 15 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 तक होंगे, जबकि दूसरे चरण के कार्यक्रम 1 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

इस आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए कैबिनेट बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस दौरान सभी विभागों को विशेष आयोजनों के लिए बजट स्वीकृति और विभागीय प्रस्तावों पर निर्णय लेने की संभावना है।

खाद के मुद्दे पर स्थिति होगी स्पष्ट

बैठक में खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता पर भी चर्चा की जा सकती है। हाल ही में विपक्ष ने विधानसभा के मानसून सत्र में खाद और बीज की कमी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा था। अब सरकार इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट कर सकती है।

खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए भी मंत्रिमंडल विचार करेगा।

इसके साथ ही अन्य विभागीय प्रस्तावों, योजनाओं की प्रगति और रजत जयंती वर्ष के लिए जनसंपर्क अभियान पर चर्चा होगी और उससे जुड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।