CGPSC घोटाला: रिटायर्ड IAS समेत 5 गिरफ्तार, 3 दिन CBI रिमांड पर

By : dineshakula, Last Updated : September 20, 2025 | 12:11 am

रायपुर, 19 सितम्बर 2025: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 3 दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी 22 सितम्बर तक रिमांड पर रहेंगे।

गिरफ्तार किए गए लोगों में CGPSC की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, पूर्व सचिव और रिटायर्ड IAS जीवनलाल ध्रुव, उनका बेटा सुमित ध्रुव, निशा कोसले और दीपा आदिल शामिल हैं। आरती वासनिक पर परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक करने का गंभीर आरोप है।

CBI ने पहले भी आरती वासनिक से पूछताछ की थी, लेकिन उस वक्त सबूतों की कमी के चलते उन्हें छोड़ा गया था। अब नए सबूत मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई है।

इस घोटाले में अब तक कुल 12 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इससे पहले 18 नवंबर 2024 को CBI ने CGPSC के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर एंड इस्पात कंपनी के पूर्व निदेशक श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद 10 जनवरी 2025 को पांच और लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें नितेश सोनवानी (तत्कालीन अध्यक्ष का भतीजा और डिप्टी कलेक्टर चयनित), ललित गणवीर (पूर्व डिप्टी परीक्षा नियंत्रक), शशांक गोयल, भूमिका कटियार (दोनों डिप्टी कलेक्टर चयनित) और साहिल सोनवानी (डीएसपी चयनित) शामिल हैं। ये सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं।

CBI इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।