रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों के तबादले (Transfer) और नई पदस्थापना (Posting) के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत एक आईजी (IG) रेंज, कई डीआईजी (DIG), एआईजी (AIG) और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की नई नियुक्ति की गई है। लंबे समय बाद हुए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, अजय कुमार यादव को नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है। वहीं, राजनांदगांव रेंज के तत्कालीन आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। बस्तर आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल की भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना की गई है।
सरकार ने 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों में भी बदलाव किया है। आदेश के मुताबिक चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
आदेश के तहत चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। रायपुर जोन के तीन डीसीपी को बस्तर भेजा गया है। वहीं, गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह बड़ा प्रशासनिक फैसला पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने, कानून-व्यवस्था में सुधार लाने और विभिन्न जिलों में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से लिया गया है। लंबे समय बाद एक साथ 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले को राज्य के पुलिस महकमे का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।