छत्तीसगढ़ में टॉपर्स को मिलेगा IPL का तोहफा, 10 मई को RCB vs MI मैच दिखाएगी सरकार
By : hashtagu, Last Updated : May 3, 2026 | 8:00 pm
रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट (Merit) लिस्ट में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को खास तोहफा (Reward) दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है कि इन मेधावी (Meritorious) छात्रों को आईपीएल (IPL) मैच दिखाया जाएगा, जिसके लिए सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक मेरिट में शामिल छात्रों को 10 मई 2026 को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच दिखाया जाएगा। इस दिन Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिसे देखने का मौका टॉपर्स को मिलेगा।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि संबंधित विद्यार्थियों को एक शिक्षक के साथ 10 मई की सुबह 10 बजे तक SCERT रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद सभी छात्रों को एक साथ स्टेडियम ले जाया जाएगा, जहां वे लाइव मैच का आनंद लेंगे।
सरकार के इस फैसले को छात्रों को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा और अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।




