छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय बने ‘राजमिस्त्री’, पीएम आवास योजना के घर में खुद लगाई ईंट

By : hashtagu, Last Updated : May 3, 2026 | 5:54 pm

जशपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) जशपुर जिले के प्रवास के दौरान विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने एक अनोखी मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री जब गांव से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत बन रहे अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन (Under Construction) मकान पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण (Inspection) किया।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने संवेदनशील पहल करते हुए खुद करणी और सीमेंट-गारा से ईंट जोड़कर निर्माण कार्य (Construction Work) में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री को इस तरह श्रमदान करते देख वहां मौजूद ग्रामीण और श्रमिक भावुक हो गए और पूरे माहौल में उत्साह फैल गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां काम कर रहे श्रमिकों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह की योजनाएं लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने भी भावुक होकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए उन्हें पक्का घर मिल रहा है, जिससे उनका जीवन सुरक्षित और बेहतर बनेगा।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है और मुख्यमंत्री की इस आत्मीय पहल ने उन्हें और अधिक प्रेरित किया है।