छत्तीसगढ़ में धान खरीदी केंद्र पर सूखे धान को भिगोने का वीडियो वायरल, 4 कर्मचारी बर्खास्त

By : hashtagu, Last Updated : March 6, 2026 | 9:13 pm

रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के रायपुर जिले के आरंग विकासखंड स्थित भलेरा धान खरीदी केंद्र (Dhan Kharidi Kendra) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सूखे धान पर पानी डालने का वीडियो (Viral Video) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया।

वायरल वीडियो में एक कर्मचारी पाइप से सूखे धान पर पानी डालता हुआ दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि धान का वजन बढ़ाने के लिए उसे भिगोया जा रहा था, ताकि अधिक वजन दिखाकर आर्थिक फायदा लिया जा सके। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।

प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के बाद सहकारी समिति के चार कर्मचारियों—विष्णु साहू (प्रभारी समिति प्रबंधक), उमेश कुमार साहू (लिपिकीय सहायक), इन्द्रमान निषाद (प्रोसेस सर्वर) और जितेन्द्र साहू (दैनिक वेतनभोगी)—की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी हैं। अधिकारियों ने कुछ अन्य कर्मचारियों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।

इस घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि धान का समय पर उठाव नहीं होने के कारण कर्मचारी धान को भिगोने जैसी हरकत कर रहे हैं, क्योंकि गर्मी में धान सूखने से उसका वजन कम हो जाता है और इसकी जिम्मेदारी कर्मचारियों पर आ जाती है।

वहीं भाजपा की ओर से कहा गया कि सरकार धान और किसानों के मुद्दे को लेकर गंभीर है और जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई है। पार्टी का कहना है कि मामले को राजनीतिक रंग देने के बजाय सुधार और कार्रवाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी हमेशा से राजनीति और किसानों से जुड़ा बड़ा मुद्दा रहा है। पहले भी कई खरीदी केंद्रों में धान की कमी, वजन में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ चुके हैं। ऐसे में भलेरा केंद्र का यह मामला फिर से धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।