छत्तीसगढ़ गैस सिलेंडर संकट पर सियासी घमासान: भूपेश बघेल और बीजेपी में सोशल मीडिया वार

By : hashtagu, Last Updated : March 28, 2026 | 3:21 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) की किल्लत (Shortage) को लेकर लोगों की परेशानी (Problem) सोशल मीडिया (Social Media) पर खुलकर सामने आ रही है। रायपुर, भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों से लगातार वीडियो, फोटो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिनमें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन, खाली सिलेंडर और घंटों इंतजार करते लोग दिखाई दे रहे हैं।

फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सएप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लोग अपनी परेशानी के साथ-साथ मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। इस मुद्दे ने अब सियासी रंग ले लिया है और गैस सिलेंडर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बीजेपी के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी तेज हो गई है।

दरअसल, कुछ दिन पहले भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लोगों से सवाल किया था कि क्या उन्हें गैस सिलेंडर मिल रहा है। इस पोस्ट पर कई लोगों ने जवाब दिया कि उन्हें आसानी से सिलेंडर मिल रहा है।

इसके बाद बीजेपी छत्तीसगढ़ ने अपने आधिकारिक अकाउंट से बघेल के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि वे भ्रम फैलाने निकले थे, लेकिन जनता ने सच बता दिया।

बीजेपी के इस जवाब के बाद भूपेश बघेल ने फिर से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अलग-अलग लोगों के कमेंट दिखाए। इन कमेंट्स में कई लोगों ने कहा कि उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है और उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स के तंज और प्रतिक्रियाएं भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे यह मुद्दा अब आम जनता से लेकर राजनीति तक चर्चा का केंद्र बन गया है।