रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ की अंडर-19 (Under-19) तेज गेंदबाज पलक सिंह ने महिला प्रीमियर लीग (Women’s Premier League – WPL) की ओर से आयोजित U-19 स्पीड क्वीन (Speed Queen) ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए WPL अंडर-19 स्पीड क्वीन का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 7000 खिलाड़ियों (Players) ने हिस्सा लिया था, जिसमें पलक सिंह ने अपनी तेज गेंदबाजी (Fast Bowling) से सभी का ध्यान खींचा।
नागपुर में आयोजित पहले चरण के ट्रायल में पलक सिंह ने अपनी गति और सटीकता से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उनका चयन दूसरे दौर के लिए हुआ। इसके बाद दिल्ली में आयोजित फाइनल राउंड में पलक सिंह ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया और WPL U-19 स्पीड क्वीन का खिताब जीत लिया।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पलक सिंह को महिला प्रीमियर लीग की ओर से 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सभी पदाधिकारियों ने पलक सिंह की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा है कि आने वाले समय में वह राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।