छत्तीसगढ़ में 64 दिन स्कूल रहेंगे बंद, दशहरा-दीवाली में 16 दिन की छुट्टी

By : dineshakula, Last Updated : September 22, 2025 | 8:07 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सितंबर से लेकर अगले साल जून तक शैक्षणिक संस्थानों (educational institutes) में कुल 64 दिन की छुट्टियां तय की गई हैं। अवर सचिव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, स्कूलों में दशहरा, दिवाली, सर्दी और गर्मी की छुट्टियों को मिलाकर कुल 64 दिन तक पढ़ाई नहीं होगी।

दशहरा की छुट्टियां 29 सितंबर से 4 अक्टूबर 2025 तक रहेंगी। इससे पहले 28 सितंबर और बाद में 5 अक्टूबर को रविवार होने की वजह से छात्रों को कुल 8 दिन की छुट्टी मिलेगी। वहीं, दिवाली की छुट्टियां 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक तय की गई हैं। इसमें भी आगे और पीछे रविवार शामिल होने से दिवाली की छुट्टी भी 8 दिन की हो जाएगी।

सर्दियों की छुट्टियां 22 दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक रहेंगी। इसमें भी रविवार को जोड़कर छात्रों को 8 दिन तक स्कूल नहीं जाना होगा।

इसके अलावा गर्मी की छुट्टियां 1 मई से 15 जून 2026 तक रहेंगी, जो कुल 46 दिन की होंगी। इस दौरान स्कूलों में पूरी तरह ताला बंद रहेगा।

कुल छुट्टियों का विवरण इस प्रकार है:

  • दशहरा अवकाश: 29.09.2025 से 04.10.2025 (6 दिन)

  • दीपावली अवकाश: 20.10.2025 से 25.10.2025 (6 दिन)

  • शीतकालीन अवकाश: 22.12.2025 से 27.12.2025 (6 दिन)

  • ग्रीष्मकालीन अवकाश: 01.05.2026 से 15.06.2026 (46 दिन)

इस प्रकार, वर्ष 2025-26 में स्कूलों में कुल 64 दिन की छुट्टियां तय की गई हैं। शिक्षा विभाग ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को इन तिथियों का पालन करने का निर्देश दिया है।

Holidays