‘हनुमान भक्त हूं पास कर दो’—बोर्ड कॉपियों में छात्रों की अजीब अपीलें आईं सामने

जांच के दौरान ऐसी कॉपियां मिलीं, जिनमें छात्रों ने खुद को हनुमान भक्त बताते हुए पास करने की गुजारिश की।

  • Written By:
  • Publish Date - April 11, 2026 / 04:04 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़: बोर्ड परीक्षाओं (board exams) की कॉपियों की जांच के दौरान छात्रों की हैरान करने वाली अपीलें सामने आई हैं। कई स्टूडेंट्स ने अच्छे नंबर पाने के लिए उत्तर पुस्तिका में अलग-अलग तरह की भावनात्मक और धार्मिक बातें लिख दीं।

जांच के दौरान ऐसी कॉपियां मिलीं, जिनमें छात्रों ने खुद को हनुमान भक्त बताते हुए पास करने की गुजारिश की। कुछ ने ‘जय श्रीराम’ लिखकर परीक्षक से ज्यादा अंक देने की अपील की, तो कुछ ने सीधे तौर पर लिखा कि “सर, पास कर दीजिए, भगवान आपका भला करेगा।”

इतना ही नहीं, कुछ छात्रों ने अपनी पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों का जिक्र करते हुए सहानुभूति के आधार पर नंबर देने की मांग भी की। इन अपीलों से साफ है कि कई छात्र पढ़ाई के अलावा भावनात्मक तरीके से भी नंबर हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

हालांकि, शिक्षकों का साफ कहना है कि कॉपियों का मूल्यांकन केवल लिखे गए उत्तरों के आधार पर ही किया जाता है। इस तरह की अपीलों का अंक देने में कोई असर नहीं पड़ता।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी छात्रों को सलाह दी है कि वे इस तरह की चीजों से बचें और परीक्षा में सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दें, क्योंकि कॉपी में लिखी ऐसी बातें उनके रिजल्ट को प्रभावित नहीं करतीं।

हर साल इस तरह के मामले सामने आते हैं, लेकिन इस बार धार्मिक और भावनात्मक अपीलों ने खास तौर पर ध्यान खींचा है।