तीसरे बजट सत्र की तैयारी तेज छत्तीसगढ़ में मंत्रियों से वन टू वन चर्चा करेगा वित्त विभाग

By : hashtagu, Last Updated : January 2, 2026 | 12:22 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026 27 के तीसरे बजट सत्र (budget session) की तैयारियों को रफ्तार दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार इस बार विकास और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। बजट को व्यावहारिक और प्रभावी बनाने के लिए विभागीय स्तर पर गहन मंथन शुरू हो गया है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी की अगुवाई में वित्त विभाग ने मंत्री स्तरीय बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम तय किया है। 6 से 9 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में सभी बैठकों का आयोजन होगा। इन चार दिनों में वित्त मंत्री अलग अलग विभागों के मंत्रियों से व्यक्तिगत चर्चा करेंगे और उनके विभागों के प्रस्तावों की समीक्षा करेंगे।

6 जनवरी को सुबह 11 बजे उद्योग आबकारी और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन अपने विभाग के नए प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा और ओबीसी कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे पर्यटन संस्कृति और धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल विभागीय योजनाओं पर चर्चा करेंगे। दोपहर 3 बजे कौशल विकास तकनीकी शिक्षा और एससी कल्याण मंत्री गुरु खुशवंत अपने विभाग की प्राथमिकताएं रखेंगे।

7 जनवरी की सुबह 11 बजे वन परिवहन सहकारिता और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप विभागीय समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 बजे राजस्व स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से चर्चा होगी। दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर अजाक कल्याण कृषि और मछली पशुधन पालन मंत्री रामविचार नेताम अपने विभागों के प्रस्ताव रखेंगे। शाम 4 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्त विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लेंगे।

8 जनवरी को उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खेल एवं युवा कल्याण और नगरीय प्रशासन विभागों के बजट प्रस्तावों पर विचार होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर स्कूल शिक्षा ग्रामोद्योग और विधि विधायी विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

9 जनवरी को दोपहर 12 बजे महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने विभाग की योजनाएं रखेंगी। दोपहर 2 बजे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गृह पंचायत एवं ग्रामीण विकास और आईटी विभागों के बजट प्रस्तावों पर मंथन करेंगे।

वित्त विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से जुड़े विभागों के बजट प्रस्तावों पर अलग से चर्चा की जाएगी। सरकार का उद्देश्य बजट प्रक्रिया को पारदर्शी समयबद्ध और योजनाबद्ध बनाना है ताकि शिक्षा स्वास्थ्य ग्रामीण विकास महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में संतुलित और प्रभावी बजट तैयार किया जा सके।