छत्तीसगढ़ बजट 2026: ₹2 लाख करोड़ का ऐतिहासिक दांव, क्या नई थीम से साय सरकार बनाएगी रिकॉर्ड?
By : hashtagu, Last Updated : February 11, 2026 | 8:26 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 11, 2026 | 8:26 pm
रायपुर, छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार अपने तीसरे बजट (Budget 2026-27) की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। विधानसभा (Assembly) का बजट सत्र 23 फरवरी 2026 से शुरू होगा। आर्थिक गलियारों में चर्चा है कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी इस बार पिछले वर्ष के ₹1.65 लाख करोड़ के मुकाबले करीब 25 फीसदी बड़ा बजट पेश कर सकते हैं। अनुमान है कि बजट का आकार ₹2 लाख करोड़ से अधिक हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह राज्य के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा।
बजट से ठीक पहले 11 फरवरी को हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने 25 लाख से अधिक किसानों को बड़ी सौगात दी। समर्थन मूल्य (Minimum Support Price – MSP) पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त (Lump Sum) दी जाएगी। लगभग ₹10,000 करोड़ सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता किसानों की मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत ₹25,000 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है और इस बार के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ हो जाएगा।
राज्य में इस वर्ष 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है। माना जा रहा है कि इस उपलब्धि का असर आगामी बजट में भी दिखाई देगा। साय सरकार ने अपना पहला बजट ‘GYAN’ थीम पर पेश किया था, जिसमें गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर फोकस रहा। दूसरा बजट ‘GATI’ थीम पर आधारित था, जिसमें सुशासन, बुनियादी ढांचा, तकनीक और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी गई थी। अब नजर इस बात पर है कि बजट 2026 किस नई थीम के साथ पेश होगा।
हालांकि बजट पेश होने की अंतिम तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि विधानसभा सत्र के पहले सप्ताह में ही इसे पेश किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संकेत दिए हैं कि इस बार भी महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
युवा आदित्य पराते, अविरल मिश्रा, केंटीन संचालिका संध्या कश्यप और समाजसेवी सुल्ताना सिद्दकी ने कहा है कि इस बार का बजट उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए और आम जनता को सीधा लाभ मिलना चाहिए।
वहीं विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बजट को लेकर पहले ही निराशा जताई है और इसे जनता के लिए कमजोर बताया है। हालांकि सरकार का दावा है कि यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।