धान उत्पादन में देश में ‘छत्तीसगढ़’ का पहला नंबर, तेलंगाना दूसरे स्थान पर

By : madhukar dubey, Last Updated : January 22, 2023 | 6:26 pm

छत्तीसगढ़। (dhaan khareedee) धान खरीदी में छत्तीसगढ़ ने नया रिकार्ड बना डाला है। इस साल (Chhattisgarh) छत्तीसगढ़ के २२ लाख ९३ हजार ७६१ किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेच चुके हैं। यह पूरे देश में सर्वाधिक है। किसानों की संख्या के मामले में तेलंगाना दूसरे स्थान पर है। लेकिन वहां कुल ९ लाख ८१ हजार ६३४ किसानों का ही पंजीयन है।

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पूरे देश में इस खरीफ सीजन में एक करोड़ १८ लाख १७ हजार से कुछ अधिक किसान धान बेचने के लिए पंजीकृत हुए थे। उनमें से सर्वाधिक २५ लाख १४ हजार ४५६ किसान छत्तीसगढ़ के थे। १४ लाख ८८ हजार ५७१ किसानों के साथ ओडिशा का स्थान दूसरा था और १३ लाख ३३ हजार ८०७ किसानों का पंजीयन कर उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।

पूरे देश में नवम्बर-दिसम्बर में धान की सरकारी खरीदी शुरू हुई। २० जनवरी तक छत्तीसगढ़ में २२ लाख ९३ हजार ७६१ किसानों ने अपना धान बेच लिया है। यहां के किसानों ने अब तक एक करोड़ तीन लाख ७० हजार २४३ मीट्रिक टन धान बेचा है। दूसरे स्थान पर तेलंगाना रहा है, जहां के ९ लाख ५४ हजार ४१० किसानों ने ६१ लाख ७७ हजार १९४ मीट्रिक टन धान सरकार को बेचा। पंजीयन में दूसरे स्थान पर रहे ओडिशा में अभी तक ६ लाख ८४ हजार २४४ किसानों ने सरकार को ३३ लाख ७ हजार ८३९ मीट्रिक टन धान बेचा है। उत्तर प्रदेश में ८ लाख १२ हजार ५६१ किसान ही धान बेच पाये हैं। उनकी कुल उपज ५७ लाख ६७ हजार ८७६ मीट्रिक टन है।

अब तक पंजाब ने खरीदा सबसे अधिक धान

सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक अब तक पंजाब सरकार ने एक करोड़ ७९ लाख ६१ हजार ८८४ मीट्रिक टन धान खरीद लिया है। यह धान केवल सात लाख ८३ हजार ४४८ किसानों से खरीदी गई है। दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ है जहां एक करोड़ तीन लाख ७० हजार २४३ मीट्रिक टन धान बेचा है। तीसरे स्थान पर तेलंगाना और चौथे स्थान पर हरियाणा है जहां अब तक दो लाख ८४ हजार ५२९ किसान ५८ लाख ८२ हजार १४६ मीट्रिक टन धान बेच चुके हैं। उत्तर प्रदेश में ५७ लाख ६७ हजार मीट्रिक टन से कुछ अधिक धान खरीदा गया है।

प्रदेश में अभी ३१ जनवरी तक चलनी है खरीदी

छत्तीसगढ़ में इस साल धान खरीदी की शुरुआत एक नवम्बर से ही हो गई। सरकार ने इस सीजन में एक करोड़ १० लाख मीट्रिक टन धान खरीदी होने का अनुमान लगाया था। पिछले सप्ताह खरीदी का आंकड़ा एक करोड़ मीट्रिक टन को पार कर गया। यह छत्तीसगढ़ के २२ सालों के इतिहास में सरकारी केंद्रों पर खरीदा गया सबसे अधिक धान है। धान खरीदी अब भी जारी है। इसे ३१ जनवरी तक चलना है।

मुख्यमंत्री बोले, धान से धनवान बन रहे छत्तीसगढ़ के किसान

इस नये रिकॉर्ड पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदने का एक और नया रिकॉर्ड बना दिया है। देश भर में धान बेचने वाले सर्वाधिक किसान छत्तीसगढ़ से हैं। मतलब किसानों की जेब में सबसे अधिक धन छत्तीसगढ़ के किसानों को गया है। आज छत्तीसगढ़ मंदी से अछूता है। बाजार गुलजार हैं। किसान धान से धनवान बन रहे हैं। बाजारों की व्यापार शृंखला लाभ में चल रही है।