विश्व कप विजेता भारतीय टीम की फिजियो आकांक्षा सत्यवंशी को 10 लाख का सम्मान, सीएम साय बोले– छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणा
By : dineshakula, Last Updated : November 5, 2025 | 10:41 pm
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर बधाई देते हुए कहा कि इस गौरवशाली विजय में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी में अहम योगदान देकर न केवल टीम को सशक्त बनाया बल्कि राज्य और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया।
मुख्यमंत्री साय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी का समर्पण, सेवा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण छत्तीसगढ़ की सभी बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा ने साबित किया है कि राज्य की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में देश का गौरव बन सकती हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने आकांक्षा सत्यवंशी को ₹10 लाख की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल आकांक्षा की मेहनत और निष्ठा का परिणाम है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
साय ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार खेल के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि राज्य की और भी बेटियाँ व खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप विजय की गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में अपना योगदान दिया।
उनके समर्पण, सेवा और उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश… pic.twitter.com/2r488qh5gR— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) November 5, 2025




