टोक्यो में बस्तर के लाल से मिले सीएम विष्णुदेव साय, जापान की नामी कंपनी के बोर्ड डायरेक्टर हैं अविनाश तिवारी

अविनाश तिवारी, मूलतः तोकापाल, बस्तर निवासी हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय, बारसूर, दंतेवाड़ा से प्राप्त की।

  • Written By:
  • Publish Date - August 25, 2025 / 12:03 PM IST

टोक्यो: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (VIshnu Deo Sai) इन दिनों जापान दौरे पर हैं, जहाँ वे राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से कई उच्चस्तरीय बैठकों में भाग ले रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान उन्होंने टोक्यो में बस्तर के गौरव, अविनाश तिवारी से मुलाकात की, जो कि छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।

अविनाश तिवारी, मूलतः तोकापाल, बस्तर निवासी हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय, बारसूर, दंतेवाड़ा से प्राप्त की। आज वे जापान की प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी BOYES & MOORES INTERNATIONAL में Board of Director जैसे शीर्ष पद पर कार्यरत हैं। यह उपलब्धि न केवल बस्तर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।

सीएम साय के अनुसार, यह मुलाकात गौरव और आत्मीयता से भरी रही। अविनाश तिवारी ने अपने संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक यात्रा साझा की। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में उद्योग निवेश की संभावनाओं को लेकर भी सीएम के साथ महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया।

मुख्यमंत्री ने कहा,  “अविनाश तिवारी जैसे युवा आज छत्तीसगढ़ की प्रतिभा को वैश्विक मंचों पर पहुँचा रहे हैं। उनकी मेहनत और सफलता हर युवा के लिए प्रेरणा है।”

इस मुलाकात ने न सिर्फ भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत किया, बल्कि राज्य में विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी एक नया आयाम दिया है।