रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य अब चिंतन शिविर (Chintan Shivir) में प्रबंधन विशेषज्ञों (Management Gurus) से सुशासन (Good Governance) और बेहतर प्रशासन की सीख लेंगे। 4 और 5 जुलाई को आईआईएम रायपुर (IIM Raipur) में आयोजित दो दिवसीय शिविर में मुख्यमंत्री और सभी मंत्री विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण लेंगे। इस दौरान प्रशासनिक कार्यप्रणाली, कार्यकुशलता, संचार कौशल, प्रेरणा, तनाव प्रबंधन और योग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश के प्रमुख प्रबंधन विशेषज्ञ उन्हें और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को प्रशासन के प्रभावी संचालन और सुशासन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से राज्य में सुशासन को और मजबूती मिलेगी तथा शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दो दिवसीय शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद और प्रबंधन गुरु अलग-अलग सत्रों में मंत्रियों को प्रशिक्षण देंगे। इसमें प्रशासनिक सुधार, नीति क्रियान्वयन, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन जैसे विषय शामिल रहेंगे। प्रशिक्षण के दौरान संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि मंत्री विशेषज्ञों से सीधे चर्चा कर सकें।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री और सभी मंत्री विद्यार्थियों की तरह कक्षाओं में बैठेंगे। वे महत्वपूर्ण बिंदुओं को नोट करने के लिए नोटबुक और लैपटॉप भी साथ लेकर आएंगे। भाजपा सरकार के वर्ष 2023 में सत्ता में लौटने के बाद यह तीसरा ऐसा प्रशिक्षण शिविर होगा। इसे देश में अपनी तरह की अनूठी पहल माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, प्रभावी और परिणाम आधारित बनाना है।