चेन्नई। सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ (Jailor 2) की पहली झलक (First Glimpse) रिलीज कर दी गई है। फिल्म के निर्माताओं ने इसके साथ ही रिलीज डेट (Release Date) का भी ऐलान कर दिया है। एक्शन से भरपूर इस टीजर में रजनीकांत का दमदार अंदाज देखने को मिला है और यह पुष्टि हो गई है कि फिल्म इस साल 15 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर की शुरुआत एक रहस्यमयी आवाज से होती है, जिसमें कहा जाता है कि किसी को मार देने के बाद भी उसे चैन नहीं मिलेगा क्योंकि उसके पीछे बहुत बड़ा नेटवर्क है। इसके बाद फिल्म के कई किरदारों की झलक दिखाई जाती है और आखिर में रजनीकांत का दमदार एंट्री शॉट सामने आता है, जिसने प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ा दिया है।
निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया है और कैप्शन में लिखा है कि ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। यह फिल्म साल 2023 में आई ब्लॉकबस्टर ‘जेलर’ का सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी।
इससे पहले अप्रैल में फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी गई थी। प्रोडक्शन हाउस ने सेट से तस्वीरें साझा कर फिल्म की शूटिंग पूरी होने का ऐलान किया था। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है और दशहरा पर बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है।