वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर मचा बवाल, इंग्लैंड के दिग्गजों ने BCCI और अजित अगरकर से मांगा जवाब

माइकल वॉन ने कहा कि वैभव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के बाद भी प्लेइंग-11 से बाहर रखना समझ से परे है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 2, 2026 / 11:33 PM IST

लंदन। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच की प्लेइंग-11 (Playing XI) में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठने लगे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और एलेस्टेयर कुक ने इस फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे खुद BCCI और मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर से बात कर वैभव को उनकी इंडिया कैप (India Cap) दिलाने के लिए तैयार हैं। इस फैसले पर पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर ने भी आश्चर्य जताया है।

माइकल वॉन ने कहा कि वैभव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के बाद भी प्लेइंग-11 से बाहर रखना समझ से परे है। वहीं एलेस्टेयर कुक ने भी माना कि युवा खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौका मिलना चाहिए और यदि ऐसा नहीं हो रहा है तो वह चयनकर्ताओं से इस बारे में बात करने को तैयार हैं।

वैभव सूर्यवंशी को हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए पहली बार भारत की टी20 टीम में शामिल किया गया था। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट और जूनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था, लेकिन अब तक उन्हें अंतिम एकादश में मौका नहीं मिला है।

वैभव को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने को लेकर क्रिकेट जगत में लगातार चर्चा हो रही है। कई पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि जब किसी युवा खिलाड़ी को टीम में चुना जाता है तो उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलना चाहिए। ऐसे में अब सभी की नजर टीम प्रबंधन और चयन समिति के अगले फैसले पर रहेगी।