सामूहिक विवाह में अव्यवस्था पर भड़के रमन सिंह, मंच से कलेक्टर-SP को लगाई फटकार, बोले- CM की गरिमा के अनुरूप नहीं था आयोजन
By : hashtagu, Last Updated : June 1, 2026 | 12:00 pm
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह (Raman Singh) नाराज हो गए। कार्यक्रम के दौरान उनका गुस्सा मंच से ही देखने को मिला। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह माइक पर जिला प्रशासन (District Administration) और अधिकारियों (Officials) को खुले मंच से फटकार लगाते नजर आ रहे हैं।
डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री (Chief Minister) विष्णुदेव साय और दो-दो उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) कार्यक्रम में मौजूद हैं, लेकिन आयोजन उनकी गरिमा के अनुरूप नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं में गंभीर कमी रही और यह स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा, “यह कोई तरीका नहीं है कि मुख्यमंत्री जी का पीछे से स्वागत किया जाए।” उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन ढाई घंटे बीत जाने के बाद भी कार्यक्रम के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नहीं ढूंढ पाया। अपने 15 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में इस तरह की अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी।
रविवार को बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल ग्राउंड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू ने भी इसी सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए। उनके अलावा 23 अन्य जोड़ों ने भी विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में यह पहला मौका है जब किसी मौजूदा विधायक ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आम जोड़ों के साथ विवाह रचाया हो। विधायक दीपेश साहू की बारात भी पारंपरिक अंदाज में निकाली गई। बाराती बैलगाड़ी से आयोजन स्थल तक पहुंचे, जबकि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी हांकते नजर आए। यह दृश्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हालांकि आयोजन के दौरान सामने आई व्यवस्थागत कमियों और मंच से डॉ. रमन सिंह की नाराजगी ने पूरे कार्यक्रम की चर्चा को राजनीतिक रंग दे दिया है। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Bemetara, Chhattisgarh: MLA Dipesh Sahu’s wedding procession was led by Deputy Chief Minister Arun Sao, who himself drove a bullock cart and accompanied the baraat throughout the route
(31.05.2026) pic.twitter.com/dhjogre4HN
— IANS (@ians_india) May 31, 2026




