रमन के बयान पर कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक, जानें, कैसे खोली BJP की पोल

By : madhukar dubey, Last Updated : December 16, 2022 | 8:37 pm

छत्तीसगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (Raman Singh) ने कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने पर विशेष प्रेसवार्ता लेकर देने वाले बयान में कहा था कि जेल और बेल वाली इस सरकार ने छत्तीसगढ़ महतारी का शीश शर्म से झुका दिया और अब निर्लज्जता के साथ उसे “गौरव” बता रहे हैं। इनके इस बयान और आरोपों का जबाव देने के लिए शुक्रवार को (State Congress Committee) प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता सामने आए।

इनमें संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्ता आरपी सिंह और धनंजय ठाकुर शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने डॉ रमन सिंह और भाजपा पर तीखे प्रहार कर मास्टर स्ट्रोक लगा दिया। इसके पीछे कारण भी है कि कल यानी शनिवार को भपूेश सरकार अपने 4 साल पूरे होने पर गौरव दिवस मनाने जा रही है। इसके मद्देनजर विपक्षी पार्टी भाजपा को जवाब देने के लिए कांग्रेसी नेता आगे आए।

आरपी सिंह बोले, मैं तो कहूंगा, मुंह काला कर राजनीति से सन्यास ले लें

कांग्रेस नेता आरपी सिंह ने कहा- झूठ बोलने की प्रतियोगिता होगी तो भाजपा और रमन सिंह विजेता बनेंगे। डॉ रमन सिंह प्रदेश में सबसे बड़े झूठे हैं, डॉ रमन सिंह ने कहा है कि मेरे कार्यकाल में ७०० शराब दुकानें हुआ करता थीं कांग्रेस काल में १४०० हो गई हैं, मैं उन्हें चुनौती देता हूं अगर हिम्मत है तो १४०० दुकानों के नाम लिस्ट उजाकर करें वरना अपना मुंह काला करके राजनीति से सन्यास लें। कांग्रेस के मौजूदा समय में १०३ दुकानों की कमी आई है । शराब दुकानें करीब ६०० बची हैं।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- भाजपा और रमन सिंह ने झूठ बोला, गलत आंकड़े पेश किए हैं। कांग्रेस के ४ साल गौरव और स्वाभिमान के हैं। छत्तीसगढ़ के हर वर्ग की उन्नति के लिए काम हुआ। संस्कृति के विकास पर काम हुआ। आज छत्तीसगढ़ अकेला ऐसा प्रदेश जहां किसानों की पूरी उपज का दाम मिलता है। रमन सिंह ने रोजगार के अवसर बंद कर रखे थे। उन्होंने एक भी नियमित शिक्षक की नियुक्ति नहीं की। कांग्रेस के वक्त में सरकारी नौकरी के द्वार खोले गए।

कहा कि डॉ रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में एक शब्द गर्त का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा ये ४ साल गर्त के हैं। पहली बार डॉ रमन सिंह ने पूरी ईमानदारी से स्वीकारा है कि वास्तव में भाजपा के लिए गर्त के ये चाल साल रहे। डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा चुनाव हारी। लगातार महापौर चुनाव हारे, जिला पंचायत के चुनाव हारे, ५ उप चुनाव हुए वो भी भाजपा हार गई और गर्त में गई।

बोले, ३ हजार स्कूल भाजपा ने बंद कराए, आंख फोड़वाकांड इन्हीं के कार्यकाल में हुआ था

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगभग ३ हजार स्कूल बंद किये गये जिसमें से लगभग ३०० स्कूल बस्तर के थे। बंद स्कूलों को पुनः आरंभ किया गया। जिनमें से २८७ बस्तर संभाग के हैं। प्रत्येक ब्लॉक में उच्च गुणवत्ता युक्त अंग्रेजी माध्यम के स्वामी आत्मानंद विद्यालय खोले गये। अब हिन्दी माध्यम से साथ ही स्वामी आत्मानंद कॉलेज भी खोले जाएंगे।

कहा कि उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग में आंखफोड़वा कांड, नसबंदी कांड, गर्भाशय कांड, कमीशनखोरी के लालच में ब्लैक लिस्टेड कंपनी से दवा खरीदी, डीकेएस घोटाला, उपकरण खरीदी घोटाला, रमन राज में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पहचान बन चुकी थी। जिला अस्पतालों में भी बदहाली, डॉक्टर, नर्स, तकनीकी कर्मचारियों की कमी जग जाहिर है।