मौत का नौतपा : अब तक 12 जानें गई! इधर मानसून के 13 जून तक ‘दस्तक’ देने की संभावना

By : hashtagu, Last Updated : June 2, 2024 | 1:31 pm

रायपुर। नौतपा के आठवें दिन रायपुर और बिलासपुर में दिन भर लू के हालात रहे। दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री के आसपास रहा। प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर (Hottest raipur) शहर रहा। यहां दिन का तापमान 45.7 डिग्री (Temperature 45.7 degrees) रिकाॅर्ड किया गया। बस्तर संभाग में अगले 5 दिन अंधड़ और बारिश के आसार हैं।

मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। अब मानसूनी हवाएं तेजी से पूर्वोत्तर की ओर बढ़ रही हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून 13 जून को पहुंचेगा। प्रदेश में मानसून के बस्तर से 13 जून को प्रवेश करते हुए रायपुर में 16 जून और सरगुजा संभाग में 17 जून को पहुंचने की संभावना है। दिनभर तेज गर्मी महसूस की गई। और रात के 9 बजे तक हीटवेव से लोग परेशान रहे। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी में मरने वालों की संख्या 12 से ज्यादा हो गई है। दुर्ग के अमलेश्वर में चल रही कथा सुनने मां के साथ आई 8 साल की बच्ची की भी लू लगने से मौत की खबर है। इससे पहले एक बुजुर्ग की जान भी जा चुकी है।

आज भी रायपुर समेत तीन संभागों लू के हालात

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज भी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में लू चलेगी। यहां के जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटे बदलाव के आसार नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी।

कुछ सिस्टम बने, जिससे आ रही नमी

मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका पश्चिम उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, झारखंड, गंगेय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिण असम तक बनी हुई है। तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास एक चक्रवात भी बना हुआ है। इस वजह से समुद्र की ओर से कुछ नमी आ रही है।

तेज धूप के कारण राज्य के कुछ-कुछ क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने लगा है। यहां पर पहुंचने वाली नम हवा के कारण अब राज्य में कहीं-कहीं तेज अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

हीटवेव से यूपी के ट्रक ड्राइवर की कांकेर में मौत

कांकेर में गर्मी और लू की चपेट में आने से यूपी के ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। निसार अहमद उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला था। जो विशाखापटनम से डामर लेकर चारामा के कहाड़गोंदी गांव पहुंचा था। इस दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और चक्कर आ गया। प्लांट में मौजूद मजदूरों ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें : शराब घोटाला : कैसे चला ‘नकली होलोग्राम’ का खेल! नोएडा से जुड़े ‘अनवर-अरुणपति’ के तार