दीपक बैज का आरोप- कानून व्यवस्था फेल, सरकार के संरक्षण में चल रहा सट्टा ऐप और बिक रही नकली शराब
By : dineshakula, Last Updated : July 13, 2025 | 6:53 pm
रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज (Deepak Baij) ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की कानून व्यवस्था, सट्टेबाजी, नकली शराब और खाद संकट को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। जनप्रतिनिधियों पर हो रहे हमले इसी असंतोष और असुरक्षा का नतीजा हैं।
हाल ही में भाजपा विधायक गुरु खुशवंत सिंह के काफिले पर हुए पथराव की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि हम उनके सुरक्षित होने की कामना करते हैं, लेकिन यह घटना और पिछले दो दिनों में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के काफिलों को ग्रामीणों द्वारा रोके जाने की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। अब जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा भी खतरे में है और यह प्रदेश सरकार की विफलता का प्रमाण है।
दीपक बैज ने सट्टेबाजी को लेकर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि महादेव ऐप के बाद अब शिवा सट्टा ऐप सरकार के संरक्षण में चलाया जा रहा है। खैरागढ़ में 20 करोड़ रुपए के लेन-देन का मामला सामने आया है और प्रदेशभर में युवाओं को इस एप के जरिए लूटा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यह सट्टा ऐप किसके संरक्षण में चल रहा है और इसके कमीशन का लाभ किसे दिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि महादेव ऐप के सरगना अब तक बाहर क्यों हैं और उन्हें भारत कब लाया जाएगा। सरकार की ओर से गिरफ्तारी के दावे झूठे साबित हो रहे हैं, क्योंकि सट्टा कारोबार अब भी सक्रिय है।
डेढ़ साल में आक्रोश की तीन बड़ी घटनाएं!
कभी मंत्री का काफिला रोका गया,
कभी उपमुख्यमंत्री को जनता ने घेरा,
अब विधायक पर पथराव!कानून व्यवस्था ढह चुकी है —
जनता का गुस्सा अब सड़कों पर है!भाजपा सरकार बुरी तरह फेल —
ना भरोसा बचा, ना नियंत्रण! pic.twitter.com/mZvJB1EQfl— Deepak Baij (@DeepakBaijINC) July 13, 2025
बैज ने नकली शराब को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नकली शराब धड़ल्ले से बिक रही है। सरकार खुद शराब दुकानों का संचालन कर रही है और गली-गली में नकली शराब खुलेआम बेची जा रही है। नकली होलोग्राम के जरिए शराब की बिक्री हो रही है, जिसका खुलासा हाल ही में सरगुजा और अभनपुर क्षेत्र में हुआ। यह विभाग मुख्यमंत्री के अधीन है, लेकिन वे चुप हैं। क्या अब इस मामले की जांच ED, CBI, इनकम टैक्स या EOW करेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नकली शराब बेचकर जनता को ज़हर परोस रही है।
खाद संकट पर बोलते हुए बैज ने कहा कि सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। दावा किया जा रहा है कि खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ और है। उन्होंने सरकार से पूछा कि किन-किन सहकारी समितियों में कितनी खाद उपलब्ध है, इसका आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ झूठे विज्ञापन और इश्तहारों के जरिए किसानों को धोखा दे रही है। दो दिन पहले 11 जुलाई को नैनो खाद को लेकर सरकार ने विज्ञापन जारी किया, लेकिन सच्चाई यह है कि किसानों को खाद मिल नहीं रही। ऐसे में यह सरकार सिर्फ प्रचार की राजनीति कर रही है, जबकि असल जरूरतों की अनदेखी हो रही है।
DAP का झूठ, किसान पर चोट!
सरकार कह रही है – खाद भरपूर है।
जमीनी हकीकत – सोसाइटियां खाली, किसान बेहाल!नकली खाद, महंगे दाम, भटकते किसान –
और भाजपा छाप रही है झूठे इश्तिहार।अगर सच में है खाद,
तो सोसाइटीवार आंकड़े क्यों नहीं जारी करते?किसानों को गुमराह करने का खेल अब बंद करो!… pic.twitter.com/IBm9G5ow8P
— Deepak Baij (@DeepakBaijINC) July 13, 2025




