भूपेश की CM  को चिट्ठी पर ‘देवलाल ठाकुर’ के तीखे वार! कहा-लोकतंत्र का ‘मजाक’ बनाते रहे हैं

By : hashtagu, Last Updated : August 28, 2024 | 9:19 pm

  • भूपेश बघेल लगातार संवैधानिक प्रक्रियाओं का स्वयं उल्लंघन करते आए हैं, उनसे किसी को सीखने की जरूरत नही है : देवलाल ठाकुर
  • जिनको भूपेश बघेल ने पत्र लिखा है उनका कद बहुत बड़ा,राज्य चलाने की बहुत बेहतर समझ है : देवलाल ठाकुर
  • रायपुर। भूपेश बघेल की मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnu Dev Sai) को लिखी गई चिट्ठी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Former Chief Minister Bhupesh Baghel) स्वयं कई बार संविधान का उल्लंघन करते रहे हैं, लोकतंत्र का मजाक बनाते रहे हैं, कई कानूनी प्रक्रियाओं में बाधा खड़ी करते रहे हैं। ऐसे में कम से कम उन्हें संविधान, लोकतंत्र, न्याय व्यवस्था, कानून व्यवस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार बिल्कुल नहीं है। श्री ठाकुर ने आगे कहा कि किसी भी आरोपी के घर जाकर भीड़ लेकर बैठ जाना संविधान में कहां लिखा हुआ है, आरोपियों का संरक्षण करना, उनकी वकालत करना संविधान में कहां लिखा हुआ है। भूपेश बघेल सहित पूरी कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की बात करती है लेकिन इस संविधान के द्वारा शक्ति प्राप्त संस्थाओं का मजाक बनाती है।

    ठाकुर ने आगे कहा भूपेश बघेल ने जिनको चिट्ठी लिखी है ऐसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी जन सेवा का लंबा अनुभव प्राप्त है। संगठन में रहने का अनुभव, मंत्री के रूप में कार्य करने का अनुभव, विधायक, सांसद आदि दायित्वों का दशकों निर्वहन करने के बाद और अब उन्हें राज्य में मुखिया के रूप में कार्य करने का अनुभव प्राप्त है। वे सहज, सौम्य और शिष्ट नेता के रूप में जाने जाते हैं।

    उनका कद बहुत बड़ा है व उन्हें कम से कम उन लोगों से सीखने की जरूरत नहीं है जो खुद असंवैधानिक कृत्यों में लिप्त हैं। राज्य में कानून को अपना काम करने की खुली छूट है। ठाकुर ने कहा कि विष्णु के सुशासन में कानून न किसी से भेदभाव करेगा, ना किसी के दबाव में आएगा। संविधान ने जो करने को कहा है वही करेगा। भूपेश बघेल को स्वयं ही सुनिश्चित करना चाहिए कि वह कानूनी प्रक्रियाओं में बाधा उत्पन्न कर अपनी राजनीतिक रोटियां ना सेकें।

    यह भी पढ़ें : ऑपरेशन भेड़िया पर सीएम योगी की नजर, बहराइच पहुंच पीड़ितों से मिले वन मंत्री