गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का दिया संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

By : hashtagu, Last Updated : December 18, 2025 | 9:35 pm

रायपुर, 18 दिसंबर 2025: गुरु घासीदास बाबा (Guru Ghasidas baba) ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को मजबूत करते हैं। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जैतखंभ में विधिवत पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाया तथा गुरुगद्दी और राम जानकी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेतगंगा धाम के समग्र विकास के लिए अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये और गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, डोमन लाल कोरसेवाड़ा और भावना बोहरा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लगातार लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है और किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से सहायता राशि दी जा रही है। प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है और नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में भी ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने भी गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं दीं और समाज के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक पुन्नूलाल मोहले ने गुरु घासीदास बाबा के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सतनाम पंथ के अनुयायी उपस्थित रहे।